बच्चों के रिपोर्ट कार्ड न देने पर शिक्षा विभाग को भी दी शिकायत
बच्चों के पिता ने मंगलवार को पुलिस में दर्ज करवाई थी डीडीआर
अमर उजाला ब्यूरो
मनीमाजरा।
मॉडर्न कांप्लेक्स के मकान नंबर 5049/2 के रहने वाले एमएम खान ने डीसी मोंटेसरी स्कूल के खिलाफ अपने दो बच्चों के रिपोर्ट कार्ड न देने की शिकायत बुधवार को शिक्षा विभाग को दे दी है। उन्होंने मंगलवार को मनीमाजरा पुलिस में भी स्कूल प्रशासन के खिलाफ डीडीआर दर्ज करवाई थी।
एमएस खान का आरोप है कि स्कूल प्रशासन हर बार उनसे लेट फीस के नाम पर पैसे वसूलता है। खान ने बताया कि उसका बेटा चौथी में और बेटी तीसरी क्लास में पढ़ते हैं। पिछले सप्ताह से वह अपने बच्चों का सालाना रिपोर्ट कार्ड लेने के लिए स्कूल के चक्कर काट रहे हैं। पिछले सप्ताह स्कूल प्रशासन ने कहा कि उनकी फीस लेट आती रही है तो वह 6 हजार रुपये पहले जमा करवाएं तब जाकर उनके बच्चों को रिपोर्ट कार्ड दिया जाएगा। खान ने बताया कि उन्होंने 6 हजार रुपये का बैंक एकाउंट से ट्रांसफर किया तो मंगलवार को जब वह दोबारा रिपोर्ट कार्ड लेने गए तो स्कूल की एडमिन और प्रिंसिपल ने उनको 6 हजार और जमा करवाने के लिए बोला। एक बच्चे के 6 हजार रुपये लगेंगे। उन्होंने जब इस फीस के बारे में लिखकर देने को कहा तो सबने मना कर दिया।
उन्होंने स्कूल में पुलिस बुलाकर अपनी शिकायत दी। खान का कहना है कि प्रिंसिपल ने बुधवार सुबह 10 बजे बुलाया था। इसके बाद वह बुधवार स्कूल गए तो प्रिंसिपल ने फिर उनसे अभद्र व्यवहार किया और स्कूल से बाहर कर दिया। इसके बाद उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मिलकर अपना शिकायत विभाग में दर्ज करवाई है।
खान ने कहा कि इसी तरह पिछले साल भी स्कूल प्रशासन ने उनसे 4 हजार रुपये लिए थे। उनका कहना इस तरह स्कूल प्रशासन कितने परिजनों को तंग करके पैसे वसूलता होगा। खान का कहना कि वह इस मामले को छोड़े नहीं। इसको वह कोर्ट तक लेकर जाएंगे।