शादी.कॉम पर शादी का झांसा देकर ठगे 40 हजार
-साइट पर शादी का प्रस्ताव देकर बढ़ाई महिला से नजदीकियां
-पंजाब में भी कई महिलाओं को फांसकर कर चुका है ठगी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
सेक्टर-35 निवासी एक महिला को शादी का प्रस्ताव देकर पहले नजदीकियां बढ़ाईं फिर विश्वास में लेकरचालीस हजार रुपये ठग लिए। शादी.कॉम साइट से एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। आरोपी ने पैसे लेने के बाद महिला से संपर्क तोड़ लिया। बार-बार फोन करने सहित अन्य माध्यमों से महिला ने आरोपी से संपर्क करने के प्रयास किए, लेकिन उसका कुछ पता नहीं लगा। शादी के नाम पर हुई धोखाधड़ी की शिकायत 33 वर्षीय महिला ने साइबर सेल पुलिस को दी। उन्होंने आरोपी की पहचान रूपनगर निवासी इंदरपाल सिंह के रूप में बताई। शिकायत के साथ महिला ने शादी.कॉम साइट पर आरोपी के शादी के प्रस्ताव और मोबाइल पर उसके फोन कॉल सहित अन्य जानकारियां भी पुलिस को उपलब्ध कराई हैं। जांच के बाद आरोपी इंदपाल सिंह के खिलाफ थाना-36 में केस दर्ज कर साइबर सेल यूनिट ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी की पूरी पहचान और उसका पता हासिल कर चुकी है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस को जांच में यह भी पता चला है कि इससे पहले भी आरोपी पंजाब में कई महिलाओं को शादी का झांसा देकर ठगी कर चुका है।