पुलिस ने विकास और आशीष के अरेस्ट वारंट जारी करवाए
- केस में दोनों का सरेंडर नहीं अरेस्ट दिखाने की कोशिश
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
हाईप्रोफाइल मामले में एक ओर सेक्टर-26 थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों विकास बराला और आशीष को समन भेजकर
जांच ज्वाइन करने के लिए थाने बुलाया, वहीं दूसरी ओर जिला अदालत से शाम को पांच बजे के बाद दोनों के सर्च और अरेस्ट वारंट जारी करवाए। थाना पुलिस की इस कार्रवाई का मकसद साफ नजर आता है, पुलिस दोनों का सरेंडर दिखाने की बजाय उनकी गिरफ्तारी दिखाने का प्रयास करेगी।
एडवोकेट रबिंद्रा पंडित के अनुसार पुलिस ऐसा तब करती है जब उन्हें केस को मजबूत दिखाने के लिए आरोपियों की गिरफ्तारी बाहर से दिखानी हो। विकास और आशीष दोनों करीब ढाई बजे सेक्टर-26 पुलिस थाने में पेश हो गए थे। इसके बावजूद शाम पांच बजे के बाद इलाका मजिस्ट्रेट की अदालत से दोनों के सर्च और अरेस्ट वारंट जारी करवाना पुलिस को संदेह के घेरे में लाती है।
बाक्स
पेशी को लेकर अदालत में लगी सिक्योरिटी
शाम को ड्यूटी मजिस्ट्रेट को सूचना दी गई कि पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने आ रही है। इसके लिए सेक्टर-36 थाना पुलिस ने जिला अदालत में सुरक्षा व्यवस्था के लिए फोर्स तैनात करवा दी। खुद एसएचओ नसीब सिंह वहां तैनात रहे। हालांकि शाम साढ़े पांच बजे के करीब डीजीपी की पत्रकार वार्ता के बाद साफ हो गया कि पुलिस दोनों आरोपियों को वीरवार को जिला अदालत में पेश करेगी। इसके बाद जिला अदालत से फोर्स हटाई गई।