पंचकूला। शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार को श्री माता मनसा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ समेत आसपास के राज्यों से श्रद्धालु माता के दर्शन करने पहुंचे।
नवरात्र मेले के दूसरे दिन श्री माता मनसा देवी मंदिर में 39 हजार, काली माता मंदिर में आठ हजार और चंडी माता मंदिर में दो हजार श्रद्धालु पहुंचे।
उपायुक्त सतपाल शर्मा के अनुसार तीनों मंदिरों में कुल 36 लाख 64 हजार 548 रुपये का चढ़ावा आया। मनसा देवी मंदिर में 32 लाख 73 हजार 623 रुपये, काली माता मंदिर में तीन लाख 68 हजार 525 रुपये और चंडी माता मंदिर में 22 हजार 400 रुपये चढ़ाए गए। मनसा देवी मंदिर में सोने के दो और चांदी के 38 नग, जबकि काली माता मंदिर में चांदी के तीन नग भी चढ़ावे में मिले।