पंचकूला। जिले में 24 घंटे में रविवार को कोरोना के 74 नए मरीज सामने आए हैं। इनमें पंचकूला से 51 केस आए हैं और बाकी 23 संक्रमित दूसरे जिलों के हैं। जिले में अभी 302 संक्रमित सक्रिय हैं और इनमें से 294 मरीज अपने घर पर उपचार करवा रहे हैं और आठ को हालत गंभीर होने के कारण अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जिले में कोरोना संक्रमित मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। सीएमओ डॉ. मुक्ता कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से रविवार को 592 सैंपल एकत्र करके जांच के लिए लैब में भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट सोमवार को आएगी। कोरोना से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि अब तक जिले में 60542 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 46192 पंचकूला के और बाकी दूसरे प्रदेशों और जिलों के रहने वाले हैं। पंचकूला के संक्रमितों में से 45474 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं और 416 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक स्वास्थ्य विभाग ने 644092 लोगों के सैंपल जांचे हैं।
सीएमओ डॉ. मुक्ता कुमार ने लोगों से अपील की है कि कोरोना से बचाव के सभी दिशानिर्देशों का पालन करें। अगर किसी को कोरोना के लक्षणों का अहसास होता है जैसे खांसी, जुकाम हो तो नागरिक अस्पताल के कोविड वार्ड में जाकर अपना कोरोना टेस्ट करवाएं। इसके अलावा लोग अपने बचाव के लिए मास्क पहनें और सामाजिक दूरी का पालन करें।