चंडीगढ़। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा है कि पंजाब सरकार ने नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए कुल 467.49 लाख रुपये खर्च किए हैं। नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता पैदा करने, लोगों को संवेदनशील बनाने और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों द्वारा आपसी समन्वय से व्यापक योजना के तहत कई प्रभावशाली कार्यक्रम लागू किए गए हैं। मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान यह जानकारी दी।
विशेष रूप से बच्चों, युवाओं और अध्यापकों को नशा मुक्ति अभियान से जोड़ने के लिए स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम तैयार कर लागू किए गए हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत 107.22 लाख रुपये, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा व्यापक जन-जागरूकता गतिविधियों के लिए 202.99 लाख जबकि सामाजिक सुरक्षा विभाग द्वारा राज्य के सभी जिलों में जागरूकता शिविरों का आयोजन करने के लिए 109.12 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।