अब रुपयों की भी होगी होम डिलिवरी
इंडिया पोस्ट पेमेंटस बैंक का शुभारंभ एक सितंबर को होगा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। फूड की होम डिलिवरी की तरह अब रुपयों की भी होम डिलिवरी होगी। यह सब होगा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) से। शनिवार को देशभर में पहली सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आईपीपीबी की लांचिंग कर रहे हैं। पंजाब और चंडीगढ़ सर्किल में 23 आईपीपीबी ब्रांचों की 115 डाक घरों में यह सुविधा मिलेगी। सेक्टर-29 स्थित डाक घर में आईपीपीबी की मुख्य ब्रांच ऑफिस होगी, जबकि सेक्टर-17 स्थित जीपीओ, डाकघर मनीमाजरा और दड़वा केअलावा किशनगढ़ में आईपीपीबी होगा।
यह बात सेक्टर-17 स्थित संदेश भवन में पंजाब सर्किल के चीफ पोस्टमास्टर जनरल (सीपीएमजी) अनिल कुमार ने वीरवार को प्रेसवार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि पीएम इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक का देशव्यापी शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि आईपीपीबी गेम चेंजर होगा। यह सभी लोगाें की पहुंच में होगा। उन्होंने कहा कि आईपीपीबी की शुरुआत होने से जन सामान्य का विश्वासी डाकिया अब एक बैंकर की भूमिका निभाएगा और बैंकिंग सुविधाओं से वंचित व अल्प बैंकिंग सुविधाओं वाले उन लाखों भारतीयों को वित्तीय सेवाएं मुहैया कराएगा, जो अब तक इन सेवाओं से वंचित रहे हैं।