पीजीआई इमरजेंसी में नर्स और एसएमओ भिड़े
बाद में डायरेक्टर व डिप्टी डायरेक्टर ने कराया समझौता
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पीजीआई की इमरजेंसी में रविवार दोपहर को मेल नर्स और एसएमओ के बीच कहासुनी हो गई। कहासुनी के दौरान दोनों एक दूसरे झड़प पड़े। जब इसकी सूचना पीजीआई प्रशासन के पास पहुंची तो अधिकारियों ने दोनों को बैठाकर बातचीत की और मामले को सुलझाने की कोशिश की। बाद में दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया।
जानकारी के मुताबिक रविवार दोपहर के वक्त एसएमओ के पिता इमरजेंसी में एडमिट थे। उन्हें ड्रेसिंग का सामान चाहिए था। एक मेल नर्स ड्रेसिंग का सामान लेकर आ रहा था तो उन्होंने उससे मांगा तो उसने मना कर दिया और कहा कि ये पेशेंट के लिए है। इस बात को लेकर दोनों में बहस हो गई। इस दौरान दोनों के बीच गुत्थमगुत्थी की भी खबर है, लेकिन अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की। इस दौरान इसकी सूचना पीजीआई के डायरेक्टर और डिप्टी डायरेक्टर के पास पहुंची। वे दोनों पीजीआई पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाया।
उन्होंने दोनों से कहा कि वे आपस में समझौता कर लें या फिर पुलिस के पास जाएं। एसोसिएशन के बीच में आने की जरूरत नहीं है, क्योंकि ये झगड़ा दो लोगों के आपस का है। बाद में दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया।