तीन पुलिस चौकियों की टीमों ने मिलकर की कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। अवैध माइनिंग के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। बीते 24 घंटों में निगरानी के दौरान पुलिस ने चार टिप्पर और एक ट्रैक्टर-ट्राली अवैध खनन सामग्री सहित जब्त किए।
पुलिस कमिश्नर शिबास कविराज की ओर से हाल ही में बुलाई गई हाई लेवल मीटिंग के बाद जिलेभर में माइनिंग माफिया और अवैध सामग्री ढोने वाले वाहनों पर पैनी नजर रखने के लिए सभी जोन में अतिरिक्त गश्त, नाकेबंदी और कैमरा निगरानी बढ़ाई गई है।
मढ़ावाला चौकी ने की कार्रवाई, 2 टिप्पर इंपाउंड
शुक्रवार रात और शनिवार दोपहर मढ़ावाला चौकी इंचार्ज भीम सिंह, एएसआई कप्तान सिंह और एएसआई संदीप ने गश्त के दौरान गांव नानकपुर के पास अवैध खनन सामग्री ले जा रहे टिप्पर को पकड़ लिया। इसके अलावा बुधवार दोपहर मढ़ावाला मेन रोड पर एक और टिप्पर को अवैध सामग्री के साथ जब्त किया गया। दोनों वाहनों को चौकी में खड़ा कर दिया गया।
बरवाला चौकी ने सुबह-सुबह मारा छापा
बरवाला चौकी इंचार्ज गुरपाल सिंह ने एएसआई राजबीर और एसपीओ सुखदेव के साथ विशेष रेड की। इस दौरान एक ट्रैक्टर-ट्राली को अवैध खनन सामग्री के साथ पकड़ा गया और चौकी में खड़ा कर दिया गया।
रामगढ़ चौकी ने किए दो टिप्पर इंपाउंड
रामगढ़ चौकी इंचार्ज तजिंद्र पाल सिंह की अगुवाई में टीम ने बुधवार रात करीब 8 बजे गांव बिल्ला के पास सड़क पर नाकाबंदी के दौरान दो टिप्पर पकड़े। इनमें बिना ई-रवाना बिल के अवैध खनन सामग्री ले जाई जा रही थी। टीम ने तुरंत वाहनों को चौकी में खड़ा कर दिया।