कैबिनेट मंत्री अरुणा चौधरी ने कहा है कि ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ मुहिम के तहत उठाए गए कदमों से पंजाब में लिंगानुपात में निरंतर सुधार दर्ज किया गया है। चौधरी ने बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के एचएमआईएस के आंकड़ों के अनुसार, लिंगानुपात में 19 अंक का सुधार दर्ज किया गया है, जो साल 2018-19 में एक हजार लड़कों पर 901 लड़कियों से सुधरकर साल 2019-20 में एक हजार लड़कों की तुलना में 920 लड़कियां हो गया है।
वर्किंग वुमन के लिए पंजाब में बनेंगे सात हॉस्टल
कामकाजी औरतों को सुरक्षित और सुविधाजनक निवास प्रदान करने के लिए सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग ने कामकाजी औरतों के लिए 50 करोड़ रुपये से सात नए हॉस्टलों के निर्माण का फैसला लिया है। इनमें उनके बच्चों के लिए दिनभर देखरेख की सुविधा भी मुहैया करवाई जाएगी।
मंत्री अरुणा चौधरी ने बताया कि यह विशेष हॉस्टल पहले चरण के दौरान जालंधर, पटियाला, मोहाली, मानसा, बरनाला, लुधियाना और अमृतसर में बनाए जाएंगे। बाकी जिले अगले चरण में कवर किए जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि मोहाली के हॉस्टल के लिए जमीन अलॉट कर दी गई है, जबकि जालंधर के हॉस्टल के लिए फंड जारी कर दिए हैं। मानसा और अमृतसर के हॉस्टलों संबंधी प्रस्ताव प्राप्त हो गए हैं। इसी तरह बाकी हॉस्टलों के लिए अनुदान अगले वित्तीय वर्ष में जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब में कामकाजी महिलाओं के लिए पहले ही 9 हॉस्टल चल रहे हैं।
चौधरी ने बताया कि सरकारी बसों में सभी महिलाओं को किराए में 50 प्रतिशत की छूट का फैसला लागू करने में कोविड संकट के कारण देरी हुई है, अब इस फैसले को जल्द लागू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इससे पहले महिलाओं को 60 साल की उम्र होने पर ही यह सुविधा मिलती थी।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि बरनाला और मानसा में दो सरकारी वृद्ध आश्रमों के निर्माण की प्रक्रिया जारी है। इन वृद्ध आश्रमों के लिए फंड लोक निर्माण विभाग को जारी कर दिए हैं। राज्य में सीनियर सिटीजन, वेलफेयर एंड मेंटेनेंस एक्ट के तहत होशियारपुर में एक वृद्ध आश्रम सरकार द्वारा चलाया जा रहा है और 50 वृद्ध आश्रम एनजीओ द्वारा चलाए जा रहे हैं, जहां 1409 बुजुर्ग रहते हैं।