पंजाब में कोरोना से लगातार दूसरे दिन शनिवार को 38 मौतें हुईं। संक्रमण के 2587 नए मामले मिले। संक्रमण का प्रसार रोकने के लिए सरकार की तरफ से लगाई पाबंदियों को ध्यान में रखते हुए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व को लेकर श्री आनंदपुर साहिब में 24 से 28 मार्च तक होने वाले सभी धार्मिक समागम 31 मार्च तक स्थगित कर दिए हैं। हालांकि, होला-मोहल्ला पर धार्मिक समागम निर्धारित समय पर ही होंगे। भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह उगराहां की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है।
बता दें, शुक्रवार को ही मुख्यमंत्री ने पुलिस और स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि वे सार्वजनिक स्थानों पर और सड़कों-गलियों में बिना मास्क घूमने वाले लोगों को नजदीकी आरटीपीसीआर जांच केंद्र में ले जाएं और उनकी कोविड संबंधी जांच कराएं। शनिवार को उल्लंघन करने वाले जालंधर ग्रामीण में 800 और एसबीएस नगर में 154 लोगों के आरटीपीसीआर टेस्ट करवाए गए हैं। डीजीपी ने कहा कि कोविड नियमों का उल्लंघन करने वाले सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई हैं।