चंडीगढ़। महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा अब तक दिव्यांगजनों को वित्तीय सहायता के रूप में 371.84 करोड़ रुपये की राशि जारी की जा चुकी है। चालू वित्तीय वर्ष के दौरान 2 लाख 79 हजार 544 दिव्यांग व्यक्तियों को इस योजना का प्रत्यक्ष लाभ दिया जा रहा है जिससे हजारों परिवारों को आर्थिक संबल मिला है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि दिव्यांगजनों को समय पर, पारदर्शी और बिना किसी बाधा के वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना मान सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। इस उद्देश्य को सुनिश्चित करने के लिए सरकार द्वारा चालू वित्तीय वर्ष में 495 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान पहले ही किया गया है ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी सहायता से वंचित न रहे।
इस वित्तीय सहायता योजना के तहत वे दिव्यांग व्यक्ति शामिल किए जाते हैं जो अपनी आजीविका कमाने में असमर्थ हैं और जिनकी न्यूनतम दिव्यांगता 50 प्रतिशत या उससे अधिक है।