चंडीगढ़। पर्यटन और सांस्कृतिक मामलों के मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित विभिन्न आयोजनों के तहत 11 नवंबर को अमृतसर, फिरोजपुर, मोहाली और संगरूर में लाइट एंड साउंड शो आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद 14, 17 और 20 नवंबर को भी राज्य के बाकी बचे जिलों में ये शो होंगे।
उन्होंने बताया कि 11 नवंबर को अमृतसर के मेला ग्राउंड, रणजीत एवेन्यू में लाइट एंड साउंड शो का आयोजन होगा। इसमें लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ उपस्थित रहेंगे। फिरोजपुर के कैंटोनमेंट स्टेडियम में सामाजिक सुरक्षा, महिला और बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर भाग लेंगी। मोहाली के सरस मेला ग्राउंड में शिक्षा, सूचना और लोक संपर्क मंत्री हरजोत सिंह बैंस और सांसद मलविंदर सिंह कंग शामिल होंगे।
इसी तरह संगरूर के रणबीर कॉलेज में वित्त, योजना, आबकारी और कर मंत्री हरपाल सिंह चीमा, रोजगार सृजन, कौशल विकास और प्रशिक्षण मंत्री अमन अरोड़ा, जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल और सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर शामिल होंगे।
14 नवंबर को पंजाब कृषि विश्वविद्यालय, लुधियाना में होने वाले लाइट एंड साउंड शो में तरुणप्रीत सिंह सौंद, बिजली, उद्योग और वाणिज्य मंत्री संजीव अरोड़ा और आवास निर्माण और शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां शामिल होंगे।
कपूरथला के गुरु नानक स्टेडियम में रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत भाग लेंगे जबकि श्री मुक्तसर साहिब के गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां उपस्थित रहेंगे। बरनाला के बाबा काला मेहर स्टेडियम में मंत्री हरपाल चीमा, अमन अरोड़ा और सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर शामिल होंगे।
17 नवंबर को तरनतारन के पुलिस स्टेडियम में आयोजित शो में जेल एवं परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर उपस्थित रहेंगे। मोगा की नई अनाज मंडी में पंजाब विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां शामिल होंगे। शहीद भगत सिंह नगर के आईटीआई ग्राउंड में हरपाल सिंह चीमा और सांसद मलविंदर कंग जबकि बठिंडा के शहीद भगत सिंह स्टेडियम में गुरमीत सिंह खुड्डियां और गुरमीत सिंह मीत हेयर शामिल होंगे। 20 नवंबर को मालेरकोटला के सरकारी कॉलेज में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह और हरदीप सिंह मुंडियां उपस्थित रहेंगे।