चंडीगढ़। श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस पर पंजाब सरकार की तरफ से गुरु जी के चरण स्पर्श प्राप्त ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिबानों में चल रहे कीर्तन दरबारों और धार्मिक समागमों में भारी संख्या में संगत भाग ले रही है।
1 से शुरू होकर 25 नवंबर तक लगभग एक महीने चलने वाले इन धार्मिक समागमों का उद्देश्य गुरु साहिब के आत्मबलिदान, अमन-शांति और सार्वभौमिक भाईचारे के संदेश का अधिक से अधिक प्रसार करना है। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि 10 नवंबर को गुरुद्वारा साहिब सील और गुरुद्वारा साहिब लंग (जिला पटियाला) और गुरुद्वारा पातशाही नवमीं जखवाली (फतेहगढ़ साहिब) में कीर्तन समागम आयोजित किए जाएंगे। अगले दिन 11 नवंबर को गुरुद्वारा श्री नवमीं पातशाही कलौड़ (फतेहगढ़ साहिब), गुरुद्वारा साहिब हरपालपुर और गुरुद्वारा साहिब अगौल (जिला पटियाला) में होने वाले धार्मिक समागमों में भारी संख्या में संगत शामिल होने की उम्मीद है।