संवाद न्यूज एजेंसीपंचकूला। पिंजौर निवासी बुजुर्ग को दोहता बनकर कनाडा से 3.45 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। साइबर पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार, पिंजौर निवासी हरप्रीत सिंह ने शिकायत में बताया कि 28 नवंबर 2022 को उनके पिता घर पर मौजूद थे। उसी दौरान उनके मोबाइल नंबर पर अज्ञात नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले व्यक्ति ने उनके पिता से कहा कि पहचान मैं, कौन बोल रहा हूं। उनके पिता ने कहा कि मैंने नहीं पहचाना। उस व्यक्ति ने कहा कि आपका कनाडा में कौन रहता है। शिकायतकर्ता के पिता ने कहा कि मेरा दोहता शिवचरण सिंह रहता है। आरोपी ने कहा कि मैं, आपका दोहता ही बोल रहा हूं। मैं भारत में कुछ जमीन लेना चाहता हूं। आपके खाते में रुपये भेजना चाहता हूं। आप अपना खाता नंबर बता दो। उनके पिता ने अपना बैंक खाता नंबर आरोपी को बता दिया। इसके बाद आरोपी ने उनके पिता को व्हाट्एप से 20 लाख रुपये जमा करवाने की रसीद भेजी। साथ ही यह भी कहा कि 12 घंटे के बाद आपके खाते में पैसे आ जाएंगे।
कुछ देर बाद आरोपी ने दोबारा फोन किया। उसने कहा कि मेरा दोस्त भारत आया हुआ है, वह लुधियाना का रहने वाला है। उसकी पत्नी बीमार है। वह कोलकाता अस्पताल में दाखिल है। उसको इलाज के लिए पैसे की जरूरत है। आप उसके गुगल-पे पर चार लाख रुपये ट्रांसफर कर दो। इसके बाद उनके पिता ने 95000 रुपये गूगल पे कर दिए। आरोपी ने दोबारा फोन किया और पैसे जमा करवाने के लिए कहा। आरोपी ने यह भी कहा कि जो पैसे आपके खाते में ट्रांसफर करवाएं हैं, उनमें से अपने रुपये काट लेना। इसके बाद अगले दिन उनके पिता बैंक पहुंचे और बताए खाते में 2.5 लाख रुपये भेज दिए।
दोहते से बात करने पर ठगी का खुलासा हुआ
अगले दिन उनके पिता ने दोहते शिवचरण सिंह से फोन पर बात की। उन्होंने कहा कि तुमने जो 20 लाख रुपये जमा करवाए थे, मेरे खाते में नहीं आए हैं। उनके दोहते ने बताया कि मैंने कोई पैसे नहीं भेजे और ना ही मैं कोई जमीन खरीद रहा हूं। किसी ने आपके साथ धोखा किया है। आरोपी ने उनके पिता से 3.45 लाख रुपये ठग लिए। इसके बाद साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई गई।