पंचकूला। विश्वास फाउंडेशन ने मंगलवार को सेक्टर-10 मार्केट में अमर उजाला फाउंडेशन के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इसमें दूसरों को जिंदगी देने के लिए 33 लोगों ने रक्तदान कर पुण्य कमाया। शिविर के आयोजन में जिला रेडक्रॉस सोसायटी ने अहम भूमिका निभाई।
रक्त एकत्रित करने के लिए ब्लड बैंक एम केयर अस्पताल, ब्लड सेंटर वीआईपी रोड जीरकपुर के डॉक्टरों की टीम आई। रक्त डॉक्टर कार्तिक अग्रवाल की मौजूदगी में लिया गया। विश्वास फाउंडेशन की महासचिव साध्वी नीलिमा विश्वास ने बताया कि शिविर का उद्घाटन भारतीय स्टेट बैंक सेक्टर-10 के एजीएम मंजीत सिंह ने किया। उन्होंने रक्तदाताओं का बैज लगाकर हौसला बढ़ाया और इस पुण्य कार्य में बढ़ चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ व्यक्ति का दायित्व बनता है की वह स्वयं को रक्तदान के लिए तैयार रखे। कोरोना महामारी की वजह से अस्पतालों में रक्त की भारी कमी चल रही है। इस संकट की घड़ी में हर स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान करना चाहिए। रक्त का कोई दूसरा विकल्प नहीं है। इससे शरीर में किसी तरह की कमी नहीं आती है।
आजकल अस्पतालों में डेंगू के मरीज आने शुरू हो गए हैं। रक्तदान का मकसद उन मरीजों की मदद करना है, जिनकी रक्त की कमी से जिंदगी की डोर कमजोर पड़ जाती है। इस मौके पर विश्वास संस्था से साध्वी शक्ति विश्वास, पवन मनचंदा, हर्ष मनचंदा और अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे। शिविर में सामाजिक दूरी, मास्क और सैनिटाइजेशन का खास ध्यान रखा गया। शिविर में आए सभी रक्तदानियों को प्रशंसा पत्र, मास्क, साबुन, स्मृति चिन्ह और गिफ्ट देकर प्रोत्साहित किया गया।