लाखों की तदाद में संगत ने भरी हाजिरी
गुरुद्वारा ज्योति स्वरूप साहिब में नगर कीर्तन से संपन्न हुई शहीदी सभा
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहगढ़ साहिब। श्री गुरु गोबिंद सिंह साहिब जी के छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह, बाबा फतेह सिंह और माता गुजरी जी की अतुल शहादत को समर्पित शहीदी सभा के तीसरे व आखिरी दिन गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब से गुरुद्वारा श्री ज्योति स्वरूप साहिब तक विशाल नगर कीर्तन निकाला गया। शिरोमणी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भाई गोबिंद सिंह लौंगोवाल ने पांच प्यारों और निशानची सिंहों को सिरोपा भेंट किए और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का पवित्र स्वरूप जयकारों की गूंज से सुनहरी पालकी साहिब में सुशोभित किया गया। नगर कीर्तन में अलग-अलग स्कूलों के विद्यार्थियों, गतका अखाड़ों ने जौहर दिखाते साहिबजादों को श्रद्धा और सत्कार भेंट किया। गुरुद्वारा श्री ज्योति स्वरूप साहिब में नगर कीर्तन की समाप्ति के समय सिख पंथ के प्रसिद्ध रागी जत्थों ने गुरबानी कीर्तन के साथ संगत को जोड़ा। पंडाल में बैठी संगत की आंखें नम हो गईं। संगत में मौजूद संगत श्रद्धा के आंसू नहीं रोक पाए।
सिख कौम के नाम संदेश देना पड़ा भारी, हूटिंग
श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने समापन समारोह पर सिख कौम के नाम जैसे ही संदेश देने के लिए मंच पर आए तो संगत से एक सिख व्यक्ति ने उनके संदेश में खलल पैदा कर हूटिंग शुरू कर दी और पंडाल से खड़े होकर सतनाम-वाहेगुरु का जाप शुरू कर दिया और वह व्यक्ति संगत को भी संदेश न सुनने के लिए जाप करने के लिए उकसाने लगा। हरकत में आई एसजीपीसी की टास्क फोर्स तुरंत उस व्यक्ति को पंडाल से बाहर करने लगे तो भगदड़ का माहौल पैदा हो गया। फिर भी वह व्यक्ति अपनी बात कहे बिना पंडाल से बाहर नहीं गया। व्यक्ति ने अपना नाम गुरमुख सिंह और श्री आनंदपुर साहिब का निवासी बताते हुए कहा कि बादलों की जेब से निकले अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार अब सिख कौम के नाम संदेश जारी करेंगे। अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार पिछले समय दौरान हुईं गुरु साहिब की बेअदबियों के खिलाफ बादलों को क्यों फरमान जारी नहीं कर सकते? उल्टा एसजीपीसी की गोलक से 91 लाख रुपये खर्च कर राम रहीम को माफी देने का प्रचार किया था वह जग जाहिर है। पंडाल में यह सब कुछ होता रहा और अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार हरप्रीत सिंह ने अपना संदेश जारी रखा।
फोटो कैप्शन:28जीबीजीपी01- शहीदी सभा के अंतिम दिन गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब से निकाली गए विशाल नगर कीर्तन में सुंदर पालकी साहिब व संगत हुजूम।
फोटो कैप्शन:28जीबीजीपी02- नगर कीर्तन में शामिल गत्तका पार्टियां जौहर दिखाते हुए।फोटो कैप्शन:28जीबीजीपी03-गुरुद्वारा ज्योति स्वरूप साहिब में संपन्नता की अरदास के बाद अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार के संदेश का विरोध करते हुए गुरमुख सिंह।