श्वेत मलिक ने प्रदेश की राजनीति पर जेटली से की चर्चा
अमृतसर। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद श्वेत मलिक ने केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली से मुलाकात कर उन्हें प्रदेश के राजनीतिक हालत से अवगत कराया। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की ओर से बेअदबी व बहबल गोली कांड की जांच के लिए गठित स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम की ओर से कुछ पुलिस अधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद पैदा हुए राजनीतिक हालत पर चर्चा की। साथ ही दोनों नेताओं ने अकाली दल व भाजपा के बीच हुए सीटों के बंटवारे के बाद अमृतसर, होशियारपुर व गुरदासपुर की संसदीय सीट में उतारे जाने वाले उम्मीदवारों पर भी अनौपचारिक बातचीत की। जानकारी के अनुसार जेटली ने बेअदबी कांड के बाद अकाली दल की राजनीतिक स्थिति के बारे जानकारी प्राप्त की। दोनों राजनीतिक पार्टियों के कार्यकर्ताओं की बूथ स्तर की बैठकों के आयोजन पर चर्चा करते हुए जेटली ने सुझाव दिए की मतभेद भुलाकर आगामी लोकसभा चुनाव में जीत के लिए कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया जाए।