रॉक गार्डन और सुखना लेक की तरह खूबसूरत होगा मटका चौक
- पहली बार मुंबई की एक निजी कंपनी से करवाया जा रहा है काम
- विभिन्न खुशबूदार पुष्प और मीडोज आपको चौक की ओर करेंगे आकर्षित
- रंग-बिरंगी लाइटिंग के साथ पानी के फव्वारे चौक की सुंदरता में लगाएंगे चार चांद
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। मटका चौक जल्द ही आपको बदला हुआ दिखाई देगा। रॉक गार्डन और सुखना लेक की तरह इसकी खूबसूरती आपको आकर्षित करेगी। चौक के चारों ओर रंग-बिरंगी लाइटिंग के साथ पानी के फव्वारे चौक की सुंदरता निखारेंगे। विभिन्न आकृतियों वाले खुशबूदार पुष्प और डिजाइनिंग मीडोज भी आकर्षित करेंगे। यह सब एक महीने के अंदर होने जा रहा है। इसके लिए पहली बार मुंबई की एक निजी कंपनी को हायर किया गया है। कंपनी चौक का कायाकल्प करने में जुटी है।
मुंबई की कंपनी मटका चौक को अतिसुंदर बनाने के लिए काम रही है। चौक के चारों और पानी की पाइप लाइन डाली जा रही है। यह पाइप लाइन चौक के 50 फीसदी हिस्से में जमीन के ऊपर रहेगी, जबकि पचास फीसदी पाइप जमीन के नीचे डाली जा रही है। इस पाइप लाइन के सहारे पानी के फव्वारे लगाए जाएंगे, जिसे रंग-बिरंगी लाइटें से सजाया जाएगा। अफसरों की मानें तो मटका चौक का राउंड अबाउट पहले से अधिक आकर्षित होगा। यहां चारों तरफ पहले मीडोज (घास का मैदान) बनाया जाएगा। यह घास काफी नरम और अच्छी क्वालिटी की होगी। इन घास के ऊपर विभिन्न सजावटी पौधे लगाए जाएंगे।
पहली बार निजी कंपनी को दिया गया काम
पहली बार सीएचबी ने किसी निजी कंपनी के हाथों में मटका चौक के सौंदर्यीकरण और रखरखाव का काम सौंपा है। कंपनी की ओर से चौक के चार कोनों पर चार छोटे विज्ञापन लगाए जाएंगे। इसके लिए सीएचबी को कंपनी एक हजार रुपये का भुगतान प्रतिमाह करेगी।
मटका चौक है शहर की शान
मटका चौक 17 सेक्टर में होटल ताज के पास स्थित शहर के सबसे प्रसिद्ध स्थलों में से एक है। सेक्टर 9, 10, 16 और 17 से घिरा हुआ है। चौराहे में एक फव्वारा है, जो एक केंद्र में स्थित है। यह मटका या मिट्टी के बर्तन जैसा दिखता है। इसे प्रसिद्ध वास्तुकार ली कार्बूजिए की ओर से डिजाइन किया गया था।
कोट...
मटका चौक के सौंदर्यीकरण का काम मुंबई की एक कंपनी को अलॉट किया गया है। इसका पूरा डिजाइन पहले से ही तय है।
-अजय कुमार सिन्हा, अध्यक्ष सीएचबी