सरपंच मर्डर केस : दो आरोपियों के खिलाफ केस डिस्चार्ज की फिर याचिका दायर
- अदालत याचिका पर 25 अप्रैल को करेगी सुनवाई
- दोनों आरोपियों तीर्थ और अर्शदीप को जिला अदालत से मिल चुकी है जमानत
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
पिछले साल अप्रैल में सेक्टर-38 वेस्ट गुरुद्वारे के बाहर होशियारपुर जिले के खुर्दा गांव के सरपंच सतनाम सिंह की गोली मारकर हत्या करने के मामले में मलोया थाना पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 173 के तहत केस रिपोर्ट दायर की है। इसमें पुलिस ने तीर्थ और अर्शदीप के खिलाफ कोई सबूत न होने पर दोनों के खिलाफ फिर से केस डिस्चार्ज करने की बात कही है। इससे पहले भी पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस डिस्चार्ज की याचिका दायर की थी, लेकिन इलाका मजिस्ट्रेट ने यह कहते हुए इसे खारिज कर दिया था कि केस में आरोपियों के नाम डिस्चार्ज करना उनके न्यायिक अधिकार क्षेत्र में नहीं है। इसका अधिकार एडीजे कोर्ट के पास है। फिलहाल, अदालत याचिका पर 25 अप्रैल को सुनवाई के बाद फैसला सुनाएगी।
इस बार पुलिस की ओर से दायर याचिका में कहा गया है कि अब तक कि जांच में दोनों के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला है। इसलिए उन्हें केस से डिस्चार्ज किया जाए। वहीं, अगर आगे जांच में दोनों के खिलाफ कोई सबूत मिलता है या उनके नाम वारदात में सामने आते हैं तो पुलिस उनके खिलाफ सप्लीमेंटरी चालान दायर कर देगी। इससे पहले तीर्थ और अर्शदीप ने भी अदालत में याचिका दायर कर उन्हें केस से डिस्चार्ज करने की अपील की थी। इस पर अदालत ने पुलिस को आगे की जांच के आदेश दिए थे। इस पर पुलिस ने जांच कर अदालत में रिपोर्ट सौंपी है और दोनों के खिलाफ कोई सबूत न मिलने की बात कहते हुए दोनों को केस से डिस्चार्ज करने की अपील की है। मामले की अगली सुनवाई 24 अप्रैल को होगी।
बाक्स
यह है मामला
हत्या के मामले में होशियारपुर के गांव खुर्दा का सरपंच गवाही न दे सके, इसलिए 9 अप्रैल 2017 को सुबह 11 बजे सेक्टर-38 वेस्ट के गुरुद्वारे के बाहर तीन युवकों ने उस पर तलवार और पिस्टल से ताबड़तोड़ वार कर दिए थे। सरपंच पर सात राउंड फायर किए गए थे। एक ने .12 बोर और दूसरे ने पिस्टल से फायर किए। गोली लगने के बावजूद सतनाम सिंह लहूलुहान हालत में वहां से भागे और ट्रक के टायर के पीछे छिप गए। इसके बावजूद आरोपी उस पर फायर करते रहे। घटना के बाद सरपंच को पीजीआई ले जाया गया, वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोपी लुधियाना नंबर की आई-20 कार से फरार हो गए थे। होशियारपुर के गांव खुर्दा के सरपंच सतनाम सिंह दो दिन से सेक्टर-38 वेस्ट स्थित गुरुद्वारे में संगत लेकर आ रहे थे। वारदात को लेकर एक वीडियो वायरल हुआ था। उसमें जो लोग सरपंच पर गोली चला रहे थे उनके नाम बॉबी, हरविंदर सिंह उर्फ रिंडा संधू, दिलप्रीत सिंह और हरजिंदर सिंह हैं। इनकी अभी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। थाना पुलिस फरवरी में मामले के एक आरोपी मंजीत सिंह उर्फ बॉबी को होशियारपुर से प्रोडक्शन वारंट पर लाई थी। बॉबी ही नौ अप्रैल को पंजाब के गैंगस्टर हरविंदर सिंह उर्फ रिंडा, दिलप्रीत सिंह और हरजिंदर सिंह उर्फ आकाश को लेकर आई-20 कार से सेक्टर-38 वेस्ट गुरुद्वारे में आया था। इस दौरान बॉबी ने ही सतनाम की पहचान की थी। इसके बाद गैंगस्टरों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद सभी बरवाला चले गए थे। वहां पर गैंगस्टरों ने उसे उतार दिया और आरोपी पंजाब में चले गए थे।