संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। गोल्ड में निवेश करने के नाम पर 3.11 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पंचकूला सेक्टर-21 के रहने वाले हर्ष शर्मा की शिकायत पर साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवक ने बताया कि इंस्टाग्राम पर गोल्ड ट्रेंडिंग का विज्ञापन दिखाकर इंवेस्ट करने को कहा गया था। साइट पर क्लिक किया तो शिल्पा नाम की लड़की से बात होने लगी। उसने टेलीग्राम पर लिंक शेयर किया।
पीड़ित हर्ष ने बताया कि वह 10 सालों से पंचकूला में रह रहा है। एक अक्टूबर को इंस्टाग्राम चला रहा था कि पर्थमिंट कंपनी का गोल्ड ट्रेडिंग विज्ञापन देखा। उसमें पैसा निवेश करने को कहा गया था। क्लिक करते ही टेलीग्राम से शिल्पा नाम की युवती का मैसेज आया। उसने बताया कि वह आस्ट्रेलिया की कंपनी में काम करती है। यह कंपनी कस्टमर का पैसा गोल्ड ट्रेडिंग में इंवेस्ट करती है। पीड़ित की लड़की से टेलीग्राम और व्हाट्सएप पर बात होने लगी । इसके बाद निवेश शुरू कर दिया। भेजे गए एक्सिस बैंक खाता नंबर पर रुपये भेजना शुरू कर दिया।
निवेश करने के लिए हर बार अलग-अलग बैंक खाता नंबर पर रुपये जमा करवाए। जब निवेश की रकम वापस करने के लिए कहा गया तो 3.11 लाख रुपये वापस नहीं आया। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। ठगी का शक होने पर साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दी। साइबर थाना के एसएचओ मुनीष कुमार ने बताया कि साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत आने पर मामले में मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। खाता नंबर के आधार पर जांच जारी है।