संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। श्री अकाल तख्त साहिब पर चीफ खालसा दीवान के खिलाफ विभिन्न मामलों पर चर्चा करने के लिए दीवान के अध्यक्ष व विधायक डा. इंद्रबीर सिंह निज्जर, मानद सचिव सविंदर सिंह कत्थूनंगल , उपाध्यक्ष जगजीत सिंह समेत कार्यकारिणी के सभी 31 सदस्यों को 15 दिनों के अंदर श्री अकाल तख्त साहिब पहुंचकर स्पष्टीकरण के लिए पत्र जारी किया गया है। यह पत्र जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह ने श्री अकाल तख्त साहिब पर चीफ खालसा दीवान के खिलाफ विभिन्न शिकायतों के निपटारे को लेकर जारी किया है।
सचिवालय प्रभारी बगीचा सिंह की ओर से जारी पत्र में स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि दीवान से संबंधित विभिन्न मामलों की शिकायतें श्री अकाल तख्त साहिब पहुंच चुकी हैं। उन शिकायतों का जवाब देने व स्पष्टीकरण देने के लिए दीवान के अध्यक्ष डा. इंद्रबीर सिंह निज्जर पूरी कार्यकारिणी के 31 सदस्यों के साथ 15 दिन के अंदर सचिवालय पहुंचकर अपना पक्ष रखें।
श्री अकाल तख्त साहिब को प्राप्त शिकायतों में गैर अमृतधारी व भ्रष्ट सदस्यों के अलावा कुछ सदस्यों को दीवान की कार्यकारिणी ने पिछले दिनों असंवैधानिक तरीके से निष्कासित कर दिया था। जिनके संबंध में भी शिकायतें श्री अकाल तख्त साहिब को प्राप्त हुई। दीवान के पदाधिकारियों पर लगे आरोपों के संबंध में भी श्री अकाल तख्त साहिब पर शिकायतें दी गई हैं। इन शिकायतों के निपटारे के लिए श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह ने कार्रवाई शुरू कर दी है।