डिजिटल सुविधा से यात्रियों को समय और पैसा दोनों की बचत
काम की खबर
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। भारतीय रेलवे ने यात्रियों को डिजिटल सुविधा के माध्यम से राहत देने के लिए नई पहल शुरू की है। 14 जनवरी 2026 से रेलवे ऐप के जरिए अनारक्षित टिकट बुक करने पर यात्रियों को 3 फीसदी की छूट मिलेगी। इस कदम से लाखों यात्रियों को सीधे लाभ मिलेगा और उन्हें टिकट काउंटर पर लंबी कतार में खड़ा नहीं होना पड़ेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग के लिए प्रोत्साहित करना और यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाना है। डिजिटल बुकिंग से समय की बचत के साथ-साथ नकद लेन-देन में कमी आएगी, पारदर्शिता बढ़ेगी और प्रणाली सुचारु बनेगी। यह पहल पर्यावरण के अनुकूल भी है, क्योंकि कागज की खपत कम होगी।
रेलवे प्रमुख स्टेशनों पर सहायता केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे, जहां वाणिज्य निरीक्षक यात्रियों को ऐप डाउनलोड करने, पंजीकरण करने और टिकट बुकिंग की जानकारी देंगे। विशेष रूप से पहली बार डिजिटल टिकटिंग करने वाले यात्रियों को मार्गदर्शन मिलेगा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक नवीन कुमार ने बताया कि यह कदम रेलवे द्वारा यात्रियों को आधुनिक, तेज और परेशानी-मुक्त सेवा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।