संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। ट्रैफिक पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को मजबूत करने के लिए मंगलवार को विशेष नाकाबंदी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बिना नंबर प्लेट चल रहे 28 दोपहिया वाहनों को जब्त कर लिया। इसके अलावा ब्लैक फिल्म और अन्य ट्रैफिक उल्लंघनों पर 4 वाहनों के चालान किए गए। कुल मिलाकर पुलिस ने 7 लाख 8 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। पुलिस के अनुसार बिना नंबर प्लेट वाले वाहन सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा माने जाते हैं। ऐसे वाहनों की पहचान करना मुश्किल होने के कारण इन्हें आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए जाने की आशंका भी रहती है। किसी घटना या दुर्घटना के मामले में इन वाहनों का पता लगाना चुनौतीपूर्ण हो जाता है इसलिए सख्त कार्रवाई को जरूरी बताया गया। एसीपी ट्रैफिक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि बिना नंबर प्लेट वाहन न केवल नियमों का उल्लंघन करते हैं बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी बड़ा खतरा उत्पन्न करते हैं। ऐसे वाहनों के आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए जाने की संभावना अधिक होती है इसलिए पुलिस पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है। नागरिक ट्रैफिक नियमों का पालन करें, जिससे शहर सुरक्षित और अनुशासित बना रहे।