चंडीगढ़। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने बुधवार को जालंधर जिले की भोगपुर दाना मंडी में धान खरीद सीजन की औपचारिक शुरुआत की। उन्होंने कहा कि खरीद के लिए 27,000 करोड़ रुपये का प्रबंध किया गया है।
एक भी दाना मंडी में खराब नहीं होने दिया जाएगा। समय पर खरीद के साथ उठान किया जाएगा। खरीद प्रबंधों की समीक्षा करते हुए मंत्री कटारूचक्क ने कहा कि बाढ़ से उत्पन्न चुनौतियों के बावजूद पूरे पंजाब में बेहतर प्रबंध किए गए हैं, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि किसानों को अपनी फसल बेचने में कोई परेशानी न हो।
धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2,389 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है और सरकार ने पहले ही सितंबर के लिए 15,000 करोड़ और अक्तूबर के लिए 27,000 करोड़ रुपये की नकद ऋण सीमा प्राप्त कर ली है। किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए बारदाने (गनी बैग) की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
इस वर्ष पंजाब को 172 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य दिया गया था लेकिन 190 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद के लिए प्रबंध किए गए हैं।
कटारूचक्क ने इस दौरान किसानों बात बातचीत भी की और कहा कि वे मंडियों में पूरी तरह सूखा धान ही लाएं, क्योंकि अधिक नमी होने पर खरीद प्रक्रिया में कठिनाई आ सकती है।