संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। क्रेडिट कार्ड अपडेट कराने के नाम पर सेक्टर-11 निवासी हर्ष अग्रवाल से शातिर ने 2 लाख 64 हजार 649 रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में हर्ष अग्रवाल ने बताया कि 21 फरवरी को अंजान नंबर से काॅल आई थी। जिसने अपने आप को एसबीआई बैंक क्रेडिट कार्ड विभाग से शिवानी गुप्ता के नाम से परिचय बताया। आगे कहा कि क्रेडिट कार्ड अपडेट करना है। इसलिए डिटेल देनी होगी।
इस तरह की ठगी
हर्ष ने बताया कि लड़की कहने पर क्रेडिट कार्ड अपडेट कराने के लिए क्रेडिट कार्ड के पीछे का चार नंबर बता दिया। प्रोसेस करने के बाद कहा कि अब नया क्रेडिट कार्ड आएगा। एक्सिस बैंक का क्रेडिट कार्ड ब्लॉक कर दिया गया है और एसबीआई का कार्ड अपडेट कर दिया गया है। उसी दिन जब शाम को मार्केट में खरीदारी करने के लिए गया तो एचडीएफसी बैंक क्रेडिट कार्ड का बैलेंस कम होने पर एसबीएआई के क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल किया। इसके बाद एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड से रुपये कटने का मैसेज आया। जब तीनों बैंक कार्ड को चेक किया तो देखा कुल 2 लाख 64 हजार 649 रुपये निकल गए थे। ठगी का शक होने पर साइबर पोर्टल पर इसकी शिकायत देकर केस दर्ज करवाया।