पंचकूला। जिले में कोरोना के 22 नए संक्रमित मामले पाए गए हैं। नौ पुरुषों और छह महिलाओं समेत 15 मामले पंचकूला के हैं। जिले में कोरोना से अब तक 148 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर अब 104 हो गई है। रिकवरी रेट भी 97.64 फीसदी तक पहुंच चुका है। शुक्रवार को सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण के 22 नए मामले सामने आए हैं। जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा टेस्ट की संख्या लगातार बढ़ाकर करीब एक हजार कर दी गई है। इसके माध्यम से प्रयास यह किया जा रहा है कि बची आबादी को जल्द से जल्द कवर किया जा सके। डीसी मुकेश कुमार आहूजा ने बताया कि कोरोना काल के दौरान जिले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अब तक 174986 सैंपल लिए हैं। जिसमें से अब तक जिले में कुल 14026 कोरोना संक्रमण के मामले मिले हैं। इसमें से पंचकूला में 10716 पाजिटिव मामले सामने आए थे। इन मामलों में से अब तक 10464 कोरोना संक्रमित ठीक होकर घर जा चुके हैं। जिला उपायुक्त ने बताया कि अब पंचकूला में कोरोना संक्रमण के 104 मामले बचे हैं।