पंचकूला। कोरोना संक्रमण में वीरवार को फिर अचानक वृद्धि हुई है। जिले में 22 नए मामले सामने आए हैं। इसमें 20 पीड़ित पंचकूला से आए हैं, जबकि दो बाहरी जिलों और प्रदेशों के हैं। इसके अलावा सक्रिय की संख्या 48 पहुंच गई है। सीएमओ मुक्ता कुमार ने बताया कि 43 मरीज अपने घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं, जबकि सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में पांच मरीज भर्ती हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने वीरवार को 382 सैंपल एकत्र कर जांच के लिए लैब भेजे हैं। इसकी रिपोर्ट शुक्रवार को आएगी। कोरोना से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लगातार टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. नवजोत टिवाना ने बताया कि अब तक जिले में 48265 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 47797 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 420 लोगों की मौत हो चुकी है।
अब तक स्वास्थ्य विभाग ने 669080 लोगों के सैंपल जांचे हैं। सीएमओ मुक्ता कुमार ने अपील की है कि कोरोना से बचाव के सभी जरूरी नियमों का लोग पालन करें। अगर किसी को खांसी, जुकाम हो तो लोग अस्पताल के कोविड वार्ड में जाकर टेस्ट करवा सकते हैं। इसके अलावा लोग अपने बचाव के लिए मास्क और सामाजिक दूरी का पालन करें।