चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हरमोहन धवन ने सोमवार को अपना नामांकन दाखिल किया। पर्चा दाखिल करने से पहले उन्होंने एक रोड शो का आयोजन किया, जिसमें समर्थकों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ी। आप के कन्वीनर प्रेम गर्ग ने कवरिंग कैंडीडेट के तौर पर नामांकन भरा। धवन के घर से ही उनके समर्थक जुलूस के शक्ल में सेक्टर-17 पहुंचे। सेक्टर नौ स्थित धवन के आवास से निकला जुलूस आठ-नौ, सेक्टर 17-9 की डिवाइडिंग से सेक्टर-17 निर्वाचन कार्यालय पहुंचा। जब उनके समर्थक डीसी ऑफिस पहुंचे तो वहां पर समर्थकों ने नारेबाजी भी की। इस मौके पर धवन ने कहा कि चंडीगढ़ को फिर से चंडीगढ़ बनाना है। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही चंडीगढ़ को नीचे ले गए हैं। न तो जाम की समस्या सुलझ पाई है और न ही एजुकेशन सिस्टम। डंपिंग ग्राउंड की समस्या भी इन्हीं दोनों पार्टियों की ही देन है। मेट्रो प्रोजेक्ट को प्राथमिकता के साथ पास करवाने के लिए निरंतर केंद्र सरकार पर दबाव बनाएंगे और शहर को मेट्रो की सौगात देंगे।
धवन के जुलूस में शामिल समर्थकों में कालोनी से लेकर गांव तक के लोग शामिल थे। धवन के घर पर सुबह से ही समर्थकों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ने लगी। उसके बाद धवन के साथ निर्वाचन कार्यालय पहुंचे। इस दौरान धवन ने उन लोगों को रैली में आने से मना कर दिया, जो बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन से नामांकन जुलूस में शामिल होने वाले थे। धवन ने कहा कि ट्रैफिक नियमों की कोई भी नहीं तोड़ेगा। आम आदमी पार्टी एक आम नागरिकों की पार्टी है। हालांकि धवन के जुलूस में न तो पंजाब के नेता पहुंचे और न ही दिल्ली के। इस पर पार्टी का कहना था कि दोनों जगह के नेता चुनाव में बिजी हैं। दिल्ली में चुनाव खत्म होने के बाद पार्टी के पदाधिकारी चंडीगढ़ पहुंचेंगे। इस मौके पर सीनियर वकील रविंदर किशन, जुझार सिंह बड़हेड़ी सिंह, विक्रम सिंह पुंडीर, मोहम्मद सलीम खान, सतिंदर धवन, विक्रम धवन सहित आप के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।