पंचकूला। युवती से मिलने गए युवक को युवती के भाई ने सिर पर चाकू मारकर घायल कर दिया। सेक्टर-5 थाना पुलिस ने युवक सूरज की शिकायत पर आरोपी वीरेंद्र कुमार पर केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में सूरज निवासी बुढ़नपुर ने बताया कि वह एलांते माल में जॉब करता है। उसकी नाइट शिफ्ट ड्यूटी होती है। युवक सूरज ने बताया कि वह युवती से तीन बजे पार्क मिलने गया था। युवती ने फोन कर उसे सेक्टर-7 पार्क बुलाया था। जैसे ही वह पार्क पहुंचा। वहां पर युवती का बड़ा भाई वीरेंद्र आ गया। उसने दोनों को साथ देखा तो वह आग बबूला हो गया। इसके बाद उसने चाकू से सिर में वार कर दिए, इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। धमकी देते हुए कहा कि वह दोबारा युवती से मिलेगा तो उसे वह जान से मार देगा। बताया कि उसे पीटने के बाद युवती का भाई भाग गया। परिजनों को जब इस बारे में पता चला तो उन्होंने सेक्टर-6 जनरल अस्पताल भर्ती कराया। चोट अधिक लगने के बाद सूरज को जीएमसीएच-32 रेफर कर दिया गया। युवक के होश में आने पर पुलिस ने बयान दर्ज किए। सेक्टर-5 थाना पुलिस ने युवती के भाई पर मारपीट, धमकी देने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही मारपीट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।