वैलेंटाइन डे पर पीयू में बाहरी लोगों की नो इंट्री
- गेट नंबर एक व तीन रहेंगे बंद, दो नंबर से होगी इंट्री
- शिक्षक व स्टूडेंट्स का प्रवेश आईकार्ड से ही होगा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। वेलेंटाइन डे पर कोई अनहोनी या हुड़दंग न हो इसको लेकर पीयू की सिक्योरिटी टाइट कर दी गई है। पीयू में बाहरी लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। इस मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस की तैनाती रहेगी। पंजाब विश्वविद्यालय का गेट नंबर दो शिक्षकों व विद्यार्थियों के लिए खुला रहेगा। सभी के प्रवेश यहीं से होंगे। इसके लिए इन सभी को आईकार्ड दिखाना होगा। गेट नंबर एक व तीन सुबह 9.30 बजे से शाम तीन बजे तक बंद रहेंगे। मालूम हो कि पीयू में हर दिन 25 हजार से अधिक लोग प्रवेश करते हैं। इसमें लगभग 16 हजार विद्यार्थी व शिक्षक हैं और बाकी बाहरी लोग हैं। वैलेंटाइन डे 14 फरवरी को 30 हजार से अधिक भीड़ हो सकती है। स्टूडेंट सेंटर व यहां की मार्केट में हजारों युवा आते हैं। ऐसे में कोई भी अनहोनी आदि की आशंका है। इसी को ध्यान में रखकर एक ही गेट खोला जाएगा।