पंचकूला। सेक्टर-8 में चोरों ने एक घर का सीसीटीवी कैमरा बंद कर 2.30 लाख की चोरी की है। सेक्टर-7 पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में मीता चावला निवासी सेक्टर-8 ने बताया कि 31 अगस्त को घर को लाक कर बाहर गए थे। उन्हें 14 सितंबर को पता चला कि उनके घर के दरवाजे खुले हैं। पड़ोसियों की सूचना मिलने के बाद उन्होंने पुलिस को फोन किया। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि मीता चावला के घर की ग्राउंड फ्लोर पर खिड़की की ग्रिल को तोड़कर चोर अंदर घुसे और उन्होंने बताया कि घर के अंदर की आलमारी का लॉक तोड़कर चोरों ने सारा सामान चोरी कर लिया। पुलिस को सीसीटीवी कैमरा खंगालने पर पता चला है कि बीते पांच सितंबर को दोपहर 1.28 बजे घर में दो लोग घुसे और 2.15 बजे उन्होंने सीसीटीवी कैमरा बंद कर घर में चोरी की है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।