गणित के पेपर ने उलझाया, ट्रिर्की प्रश्न देख छात्रों का सिर चकराया
-सीबीएसई की 12वीं कक्षा के छात्रों का सोमवार को था पेपर
- थ्री-डी के प्रश्न थे काफी कठिन, अधिकतर विद्यार्थी दिखे निराश
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सीबीएसई की 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए सोमवार को गणित की परीक्षा आयोजित की गई। जीएमएसएसएस-16 में बने केंद्र से परीक्षा देकर बाहर आए ज्यादातर छात्र निराश दिखाई दिए। उनका कहना था कि पेपर पिछले सालों के मुताबिक कठिन था। हालांकि छात्रों ने बताया कि सभी सवाल एनसीइआरटी की किताबों से पूछे गए थे। थ्री-डी बाकियों के मुकाबले कठिन था। एक वेक्टर का प्रश्न थोड़ा कठिन था बाकी सब आसान थे। इस सवाल ने छात्रों को कंफ्यूज कर दिया। कई बच्चे इस सवाल से जूझते नजर आए।
शहर के परीक्षा केंद्रों पर यह पेपर सुबह 10.30 बजे शुरू हो गया और दोपहर 1.30 बजे तक चला था। छात्रों को सुबह 10 बजे सेे पहले ही परीक्षा केन्द्र पहुंचना था सुबह 10.15 बजे छात्रों को पढ़ने के लिए क्वेश्चन पेपर बांट दिए गए थे। लंबा होने की वजह से कुछ छात्रों ने 14 अंक के पेपर को छोड़ दिया जबकि कुछ छात्र परेशान नजर आए। छात्रों के मुताबिक थ्री-डी के प्रश्न कठिन थे, जिन्हें हल करने में काफी समय बर्बाद हो गया। हालांकि 50 प्रतिशत पेपर आसान था। गौरतलब है कि गणित का पेपर कॉमर्स और साइंस दोनों ही स्ट्रीम के छात्रों के लिए अहम होता है। गणित ऐसा विषय है, जिसमें अधिक से अधिक अंक प्राप्त करने का अच्छा मौका होता है।
कोट्स---
गणित की परीक्षा में इतना तो होता ही है
सीबीएसई ने काफी अच्छे तरीके से पेपर सेट किया। ज्यादातर प्रश्न आसान थे, कुछ सवाल ट्रिकी थे। गणित की परीक्षा में इतना तो होता ही है। एक वेक्टर के प्रश्न ने कई स्टूडेंट्स को परेशान किया लेकिन ऐसा नहीं कह सकते कि वह ऑउट ऑफ सिलेबस थे। - देवेंद्र सिंह, गणित टीचर
पिछले साल के मुकाबले कठिन था पेपर
पेपर आसान तो था लेकिन काफी लंबा था, जिसकी वजह से मेरा 14 नंबर का पेपर छूट गया। पेपर पिछले साल के मुकाबले थोड़ा कठिन था। - मानव, छात्र
थ्री-डी के प्रश्नों ने लिया काफी समय
वैसे तो पेपर आसान था लेकिन थ्री-डी के प्रश्नों में काफी समय लग गया। पेपर लंबा था, सारे प्रश्न एनसीइआरटी की किताब से ही आए थे। - युगम, छात्र
आउट ऑफ सिलेबस नहीं था पेपर
पेपर आसान था, कुछ प्रश्न ट्रिकी थे। ऐसा नहीं था कि कोई प्रश्न आउट ऑफ सिलेबस हो, सिर्फ लंबा होने की वजह से कुछ बच्चों को पेपर कठिन लगा। - अभिषेक, छात्र
पास होने लायक पेपर
पास होने लायक पेपर था। कुछ प्रश्न ऐसे थे, जिन्हें वही बच्चे अच्छे से कर सकते थे जिन्होंने तैयारी काफी अच्छे से की हो। - गौरव, छात्र