अमेजन ने ‘वर्क फ्रॉम होम’ के लिए गवर्नमेंट होम साइंस कॉलेज से चुने 6 विद्यार्थी
- अंडरग्रेजुएट छात्राओं को मिला मौका, पहली बार इंटरव्यू देकर हुए सिलेक्ट
- 1 लाख 56 हजार से 1 लाख 75 हजार तक के पैकेज पर सिलेक्शन
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पढ़ाई के साथ साथ अगर जेब खर्चा निकालने का भी इंतजाम हो जाए तो क्या कहने। वह भी नौकरी अमेजन जैसी कंपनी में हो और काम भी घर से ही करना हो तो इससे बेहतर और क्या हो सकता है। अमेजन ने ‘वर्क फ्रॉम होम’ के लिए सेक्टर-10 स्थित गवर्नमेंट होम साइंस कॉलेज के 6 छात्राओं का चुनाव किया है। इन छात्रों को कॉलिंग और डाटा इंट्री का काम करना होगा। छात्रों को 1 लाख 56 हजार से लेकर 1 लाख 75 हजार तक के पैकेज का ऑफर दिया गया है।
अंडरग्रेजुएट छात्रों के लिए गवर्नमेंट होम साइंस कॉलेज के प्लेसमेंट सेल के सहयोग से अमेजन द्वारा एक कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इसमें कुल 100 छात्रों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 50 को शॉर्टलिस्ट किया गया। इन छात्रों के कई राउंड के टेस्ट लिए गए, जिनमें स्कीनिंग, कॉलिंग टेस्ट व इंटरव्यू शामिल रहे। आखिर में 6 छात्रों को अमेजन द्वारा घर से काम करने के लिए ऑफर लेटर दिए गए। प्रिंसिपल प्रो. सुधा कत्याल ने चुने गए छात्रों को बधाई दी। साथ ही कहा कि इस तरह से प्लेसमेंट ड्राइव से छात्रों को भविष्य में आने वाली चुनौतियों का कैसे सामना करना है यह पता चलता है।