840 ग्राम सोने के साथ एयरपोर्ट पर युवक गिरफ्तार
कस्टम विभाग ने अमृतसर निवासी अनिल कुमार को दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अमृतसर निवासी अनिल कुमार को शुक्रवार को 840 ग्राम सोने के साथ गिरफ्तार किया गया है। युवक सोने को हैंड बैग में छिपाकर लाया था। कस्टम एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सोना जब्त कर लिया गया। अनिल कुमार को जमानत पर रिहा कर दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार को सुबह 9.20 बजे बैंकाक की फ्लाइट एयरपोर्ट पर पहुंची। कस्टम विभाग को सूचना मिली कि एक युवक हैंड बैग में सोना लेकर आया है। अनिल कुमार एयरपोर्ट पर एक्स-रे मशीन के सामने चेकिंग के लिए आया तो उससे पूछा गया कि उसके पास कोई सोने की वस्तु तो नहीं है। इस पर उसने इनकार कर दिया, जब उसकी चेकिंग की गई तो उसके हैंडबैग से सोना बिस्कुट की शेप में बरामद हुआ। वह हैंड बैग में सोना छिपाकर लाया था। बैग में सोने को उसने टेप से चिपका रखा था। सोना 11 बिस्कुट की शेप में था। पूछताछ के दौरान अनिल कुमार ने बताया कि यह सोना उसे लाने के लिए दस हजार रुपये मिलने थे। एयरपोर्ट के बाहर उसे यह सोना किसी को देना था। सोना अज्ञात आदमी को देना था। वह फोन कर मुझसे संपर्क करता, इसके बाद सोना उसे सौंपा जाना था। कस्टम विभाग ने उससे सोने के डाक्यूमेंट मांगे, लेकिन वह सोने के कागज दिखाने में असफल रहा। इस कारण कस्टम ने सोना जब्त कर लिया है।