सीआईडी देख मांगी 50 लाख की फिरौती, गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सीआईडी सीरियल देखकर एक युवक मोहाली के ऑटोमोबाइल कंपनी के अधिकारी से 50 लाख की फिरौती मांग बैठा। एसएमएस से मांगी गई फिरौती से अधिकारी सकते में आ गए। उन्होंने तत्काल पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने भी सतर्कता दिखाते हुए आरोपी सेक्टर-52 कजेहड़ी निवासी तरुण गुप्ता को धर दबोचा। वह यूपी के मऊ का रहने वाला है।
मोहाली निवासी रमेश सूद इंडस्ट्रियल एरिया स्थित अश्वनी ऑटोमोबाइल प्राइवेट लिमिटेड में बतौर प्रशासनिक प्रमुख कार्यरत हैं। उनका कहना था कि सोमवार सुबह साढ़े नौ बजे जब वह ऑफिस पहुंचे तो उनके मोबाइल फोन पर धमकी भरा मैसेज आया। इसमें उनसे 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। साथ ही जल्द पैसे न देने पर उन्हें जान से मार देने की धमकी दी गई थी।
मैसेज आने के बाद रमेश सूद सकते में आ गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने धमकी वाले नंबर की कॉल डिटेल और अन्य जानकारियां निकलवायीं। जांच के बाद पुलिस ने सोमवार शाम को ही आरोपी तरुण गुप्ता को दबोच लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मूलरूप से यूपी का रहने वाला है और हाल ही उसने बीएससी की पढ़ाई पूरी की है। तरुण ने पुलिस को बताया कि फिरौती का आइडिया उसे सीआईडी सीरियल से मिला था। इस सीरियल से ही प्रभावित होकर उसने यह धमकी भरा संदेश रमेश सूद को भेजा था। वहीं थाना पुलिस ने तरुण को मंगलवार को जिला अदालत में पेश किया। वहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इंटरनेट से निकाला मोबाइल नंबर
पुलिस ने जब आरोपी से पूछा कि रमेश सूद का नंबर कहां से मिला तो उसने बताया कि उसने इंटरनेट पर ऑटोमोबाइल कंपनी की जानकारी खंगाली। इसमें उन्हें रमेश सूद का नंबर मिला। इसके बाद उसने उन्हें धमकी भरा मैसेज भेजा। वहीं पुलिस के अनुसार तरुण की एक साल पहले लव मैरिज हुई थी। वह चार महीने पहले ही चंडीगढ़ आया है। चंडीगढ़ आने के बाद वह कजेहड़ी में किराये के मकान में रह रहा था। उसे नौकरी भी नहीं मिल रही थी। इसलिए उसने पैसे कमाने के लिए यह रास्ता चुना।