एडमिन ब्लॉक से जले सामान हो हटाने का काम शुरू
- 14 मई को लगी थी आग, आईआईटी की रिपोर्ट आने के बाद उठाया गया कदम
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
पीयू के एडमिन ब्लॉक में आग से जले सामान को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। अब तक पीयू प्रबंधन की तरफ से इसे नहीं हटाया गया था, क्योंकि आईआईटी रूड़की की एक्सपर्ट टीम ने ऐसा करने से रोक किया था। अब रिपोर्ट आने के बाद सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। एक्सपर्ट रिपोर्ट में कहा गया है कि कबाड़ को उठाने के लिए मशीन के बजाय मैन पावर का इस्तेमाल किया जाय तो यह बेहतर होगा। हालांकि रेनोवेशन के लिए अभी पीयू की तरफ से कोई एक्सपर्ट एजेंसी नहीं बुलाई है।
गौरतलब है कि 14 मई को पीयू के एडमिन ब्लॉक में आग लग गई थी। इस हादसे में काफी रिकॉर्ड जल गए थे। इस प्रकरण की जांच के लिए पीयू की तरफ से तीन अलग-अलग कमेटियां बनाई गई थीं। पहली कमेटी फोरेंसिक जांच के लिए बनी, जिसको रिपोर्ट अभी नहीं आई। दूसरी कमेटी रिटायर जस्टिस की अगुवाई में बनी, उस रिपोर्ट का भी अभी इंतजार है। तीसरी कमेटी आईआईटी रूड़की की बनी थी, जहां से रिपोर्ट आ चुकी है। इमारत की मजबूती परखने के लिए पीयू ने आईआईटी रूड़की से जांच कराई थी, जिस पर रिपोर्ट आईआईटी एक्सपर्ट्स ने दे दी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि आग की वजह से इमारत के मूल निर्माण को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। एक्सपर्ट से इसकी रिपेयर कराकर इस्तेमाल किया जा सकता है।