वित्त विभाग में अटकी एलटीसी की फाइल
- सैकड़ों कर्मचारी लाभ से वंचित, बजट स्वीकृति न मिलने पर नहीं हो पाई अदायगी
- मुख्य सचिव ने कुछ महीने पहले सभी विभागाध्यक्षों से मांगी थी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
हरियाणा के सैकड़ों कर्मचारियों को तीन साल की एलटीसी की राशि पांच साल बाद भी नहीं मिल पाई है। 2012 से 2015 के बीच की राशि की अदायगी विभिन्न विभागों के सैकड़ों कर्मियों को होनी है। इसमें अकेले पुलिस विभाग के ही अंबाला जिले के 402 कर्मचारी शामिल हैं। अन्य जिलों में भी पुलिस कर्मियों की संख्या इसके आसपास ही है। अन्य विभागों के अनेक कर्मियों को भी एलटीसी का लाभ नहीं मिल पाया है।
मुख्य सचिव कार्यालय ने कुछ महीने पहले सभी विभाग अध्यक्षों से तीन साल की एलटीसी से वंचित कर्मियों का ब्योरा मांगा था। विभागों ने देर-सवेर इसे मुहैया तो करा दिया, लेकिन अब फाइल वित्त विभाग में अटकी हुई है। मुख्य सचिव कार्यालय के अलावा पुलिस कर्मियों की एलटीसी की फाइल गृह विभाग से भी वित्त विभाग को गई हुई है, लेकिन अभी बजट स्वीकृति नहीं मिल पाई है। जिससे कर्मियों का इंतजार लंबा होता जा रहा है। कर्मचारियों को एलटीसी की राशि का भुगतान एक माह के वेतन के रूप में होना है। वंचित कर्मचारी इसके लिए आवेदन भी कर चुके हैं, लेकिन वित्त विभाग ने फाइल अटका दी है। इसे लेकर कर्मचारी मुख्य सचिव से गुहार भी लगा चुके हैं। वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पी राघवेंद्र राव ने बताया कि कर्मचारियों की एलटीसी संबंधी फाइल साथ के साथ मंजूर कर दी जाती हैं। इस मामले में अवश्य कोई तकनीकी दिक्कत रही होंगी।