मेयर राजेश कालिया ने एक्टिवा पर किया शहर का दौरा
कांग्रेस ने ट्रैफिक नियमों की अवहेलना का आरोप लगा, कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। समस्याओं को जानने के लिए मेयर राजेश कालिया ने रविवार रात को दोपहिया वाहन पर सवार होकर शहर का दौरा किया। इस पर कांग्रेस ने सवाल उठाया है। कांग्रेस ने इसे ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करार देते हुए ट्रैफिक पुलिस से मेयर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। यह शिकायत कांग्रेस पार्टी के सोशल मीडिया सेल के चेयरमैन यादविंदर मेहता ने की है।
मेयर राजेश कालिया एक्टिवा पर सवार होकर शहर में निकले और उन्होंने इसका वीडियो भी फेसबुक पर अपलोड किया। वीडियो में कालिया ने हेलमेट तो पहना हुआ था, लेकिन बातचीत करते हुए उन्होंने हेलमेट को गले के ऊपर लाकर एक्टिवा चलाते हुए बातचीत शुरू कर दी। कुछ दूरी पर चलकर उन्होंने दोपहिया वाहन को रोककर बातचीत जारी की। वीडियो में मेयर खुद को नगर सेवक और चौकीदार बताते हुए बात रहे थे।
ट्रैफिक पुलिस का आया जवाब, नंबर पढ़े जाने वाला वीडियो भेजें
कांग्रेस के सवाल पर ट्रैफिक पुलिस का भी जवाब आया, जिसमें कहा गया कि जो वीडियो उन्हें भेजा गया है उसका नंबर नहीं पढ़ा जा सका। ऐसा वीडियो या फोटो भेजें जिसमें नंबर पढ़े जाने साथ उल्लंघना की लोकेशन और समय और तारीख के बारे जिक्र हो ताकि उचित कार्रवाई की जा सके।
ट्रैफिक पुलिस से कांग्रेस ने किए चार सवाल
यादविंदर मेहता ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस की तरफ से जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस आईटी सेल ने बदले में चार सवाल किए। इनमें सबसे पहले पूछा गया कि आप आपने द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरे से पता कर सकते हैं। दूसरा चालक के पीछे एड्रेस का नीले रंग में साइन बोर्ड दिख रहा है। तीसरा मेयर को पहचाना जा सकता है, उनके पास जाकर गाड़ी नंबर वेरिफाई करके चालान कर सकते हैं। चौथा उन्होंने ट्रैफिक पुलिस से सवाल दागा कि आप चाहे तो सब कुछ कर सकते हैं।