शहीद भगत सिंह के नाम होगा पहला क्रिकेट टूर्नामेंट
- 5 देशों की महिला क्रिकेट टीम होंगी आमने सामने
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
अब ट्राइसिटी शहीद भगत सिंह टी-20 महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का गवाह बनेगा। इस टूर्नामेंट की घोषणा मंगलवार को हरियाणा के वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने प्रेस क्लब में की। वह यहां महिला क्रिकेट टी-20 डे-नाइट लीग क्रिकेट चैंपियनशिप फॉर शहीद भगत सिंह ट्राफी के अनावरण के लिए पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि इस महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में पांच देशों की महिला टीमें खिताब के लिए आमने सामने होंगी। इसमें श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल, संयुक्त अरब अमिरात (यूएई) और भारत की टीमें शामिल है। यह टीमें अगले सप्ताह यहां पहुंच जाएंगी।
महिला क्रिकेट और महिला शक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए जहां यह टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है। इसका खर्च क्रिकेट फेडरेशन आफ हरियाणा उठाएगी। इस टूर्नामेंट का आयोजन डे नाइट होगा। इसमें सफेद रंग की गेंद का प्रयोग होगा। इसके मुकाबले पंचकूला सेक्टर-3 स्थित ताउ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम और जीएमएसएसएस-26 स्थित एलआईसी ग्राउंड में होंगे। इंटरनेशनल वुमन क्रिकेट टूर्नामेंट के साथ ही यहां ब्वायज अंडर-17 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन भी किया जाएगा। लड़कों की कुल आठ टीम होंगी। लड़कों के अंडर-15 मुकाबले में कुल आठ टीमें होंगी। इसमें अंतरराष्ट्रीय टीम श्रीलंका व नेपाल के अलावा भारत के ग्रामीण क्षेत्रों की टीमें हिस्सा लेंगी। इसमें हैदराबाद, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, कर्नाटक, दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ की टीमें शामिल हैं। इस मौके पर कालका की विधायक लतिका शर्मा, ऑल इंडिया महिला 20-20 क्रिकेट एसोसिएशन की प्रधान वसुधा राणा व महासचिव पियूष राणा, क्रिकेट फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव अमरजीत कुमार, पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के महिला क्रिकेट कोच आर.पी सिंह मौजूद रहे।