पंचकूला। सीएम फ्लाइंग की टीम ने बुधवार को जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारी (डीईईओ) पंचकूला ऑफिस और जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) ऑफिस में रेड की। रेड के दौरान सबसे पहले दोनों ऑफिस का टीम ने अटेंडेंस रजिस्टर चेक किया। चेकिंग के दौरान डीपीसी ऑफिस के अकाउंटेंट नदारद मिले। ऑफिस में पूछताछ पर किसी ने कुछ भी नहीं बताया। इसके बाद सीएम फ्लाइंग की टीम ने विभाग को पत्र लिखकर कार्रवाई करने को कहा। डीईईओ ऑफिस में टीम को 181 मेडिकल बिल और 58 एसीपी की पेंडिंग फाइलें मिलीं। सीएम फ्लाइंग टीम के मुताबिक डीईओ और डीपीसी ऑफिस में बाकी सभी कर्मचारी मौजूद रहे। मौके पर डीईटीसी प्रदीप यादव ड्यूटी मजिस्ट्रेट थे। सीएम फ्लाइंग टीम में एसआई हितेंद्र गौतम, एसआई सुशील पाल, एएसआई संजय व राकेश और हेड कांस्टेबल गुरमीत और प्रदीप मौजूद रहे।
डीईईओ ऑफिस से कुछ फाइलों को साथ ले गई टीम
डीईईओ ऑफिस में घंटों फाइल खंगालने के बाद टीम को पेंडिंग मेडिकल बिलों की फाइलें मिली जिसमें ज्यादातर मेडिकल बिल या तो रिटायर्ड अधिकारी या कर्मचारी के थे या फिर ऐसे कर्मचारी जिनका इलाज अस्पताल में हाल ही में हुआ था। टीम के मुताबिक पिछले 6 महीने से ज्यादा समय का मेडिकल बिल ऑफिस में पेंडिंग पड़ा हुआ मिला। जब वहां के अधिकारी से इसका जवाब मांगा गया तो उन्होंने शिक्षा विभाग की ओर से सेक्शन ऑफिसर नहीं तैनात करने की बात कही। जून महीने से पंचकूला डीईईओ ऑफिस में सेक्शन ऑफिसर नहीं है। ऐसे में रोजाना मेडिकल बिल के लिए विभाग के ही रिटायर्ड कर्मचारी अपनी पेंडिंग मेडिकल बिलों के लिए चक्कर लगा रहे हैं। इसके अलावा टीम को 58 एसीपी की पेंडिंग फाइलें मिली। कुछ फाइल सीएम फ्लाइंग की टीम अपने साथ लेकर गई।