सुपरनोवा टीम में सिटी ब्यूटीफुल की तानिया भाटिया
टी-20 चैलेंज में भारत, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका की स्टार क्रिकेटर्स खेल रही हैं
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। टी-20 चैलेंज के लिए टीमाें का चयन हो चुका है। इसमें तीन टीमें हिस्सा ले रही हैं। इन टीमों को सुपरनोवा, ट्रेलब्जेजर्स, वेलोसिटी टीमाें का नाम दिया गया है। इसके मुकाबले जयपुर में 6-11 मई को हाेंगे। इन टीमाें में भारतीय महिला क्रिकेटरों सहित आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका की स्टार क्रिकेटर्स खेलेंगी। सिटी ब्यूटीफुल की बल्लेबाज कम विकेट कीपर तानिया भाटिया को सुपरनोवा टीम में शामिल किया गया है। टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर को बनाया गया है। इससे साथ ही चंडीगढ़ की ऑल राउंडर जो हिमाचल से खेलतीं हैं, वे ट्रेलब्जेजर्स टीम से खेल रही हैं।
मजबूत इरादे और मेहनती है तानिया : सपना
तानिया भाटिया की मां सपना ने बताया कि यह काफी खुशी की बात है कि उनकी बेटी को टी-20 चैलेंज में सुपरनोवा टीम में शामिल किया गया है। तानिया के मजबूर इरादे और मेहनत ने आज उसे इस मुकाम तक पहुंचाया है। तानिया बचपन से ही क्रिकेटर बनना चाहती थी। इसके लिए परिवार ने भी पूरी मदद की। सात साल से उसने क्रिकेट खेलना शुरू किया। इसके बाद डीएवी स्कूल में युवराज सिंह के पिता योगराज और सुखविंदर बाबा से पांच साल क्रिकेट के गुर सीखे। इसके बाद तानिया ने जीएनपीएस-36 में क्रिकेट खेलना शुरू किया। इस दौरान तानिया ने कई टूर्नामेंट में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खुद को साबित किया। फिलहाल तानिया आरपी सिंह और जसवंत राय के पास क्रिकेट की कोचिंग ले रही हैं।
पिता से प्रेरणा लेकर बनी विकेट कीपर
तानिया भाटिया के पिता सिटी में बैंक में काम करते हैं। वे अपने समय में क्रिकेट खेलते थे और इंटर यूनिवर्सिटी तक विकेट कीपर की भूमिका निभाते रहे हैं। बेटी तानिया ने भी पिता से विकेट कीपर के शुरुआती गुर सीखे।