बिना नंबर प्लेट बाइक पर 22,500 का जुर्माना, ट्रैफिक पुलिस का अभियान तेज
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस के विशेष अभियान में पिछले तीन महीनों के दौरान 1682 ड्रिंक एंड ड्राइव के चालान किए गए, जबकि 113 वाहनों को जब्त किया गया। बिना नंबर प्लेट और दस्तावेजों के चल रही एक बाइक पर 22,500 रुपये का चालान भी किया गया।
ट्रैफिक पुलिस ने ऑपरेशन सेफ्टी के तहत रात के समय शहर के विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर एल्कोसेंसर से जांच की। एसीपी ट्रैफिक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह दूसरों की जान को भी खतरे में डालता है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य चालान करना नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
बिना नंबर प्लेट बाइक पकड़ी
टैंक चौक के पास चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने एक बाइक को रोका। जांच में सामने आया कि वाहन पर नंबर प्लेट नहीं थी और चालक के पास कोई वैध दस्तावेज भी नहीं थे। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 22,500 रुपये का चालान कर बाइक को इंपाउंड कर दिया गया। सिटी ट्रैफिक एसएचओ वरिंद्र कुमार ने बताया कि बिना दस्तावेज, बिना नंबर प्लेट, ओवरस्पीडिंग और अन्य नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।