पति को युवती के साथ देख पत्नी ने किया हंगामा, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामले की जांच शुरू की
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पीयू में उस वक्त हंगामा हो गया, जब एक महिला ने पति को किसी और युवती के साथ देख लिया। देखते ही देखते दोनों के बीच बहस इतनी ज्यादा शुरू हो गई कि नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। मामले को तूल पकड़ता देख पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार महिला के परिजनों ने आरोप लगाया है कि बठिंडा के रहने वाले अमनदीप की कुछ समय पहले महिला से लव मैरिज हुई थी। दोनों के बीच किसी वजह से लड़ाई झगड़े के चलते दोनों चंडीगढ़ में अलग-अलग रह रहे थे। अमनदीप सेक्टर-10 में अपने दोस्त के पास रहता है। रविवार शाम महिला को पता लगा कि उसका पति पीयू में किसी अन्य युवती के साथ बैठा हुआ है। इसके बाद वह वहां पर पहुंच गई। उसने देखा कि अमनदीप अन्य युवती के साथ बैठा हुआ है। यह सब देख देकर उसकी पत्नी भड़क गई और हंगामा शुरू कर दिया। मामला इतना तूल पकड़ा कि दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। हाथापाई होते देख वहां पर मौजूद छात्रों ने बीच बचाव कर उन्हें अलग किया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर गई। जहां दोनों पक्षों ने अपनी शिकायतें दी है।