देश की एजुकेशन सिटी बन सकता है चंडीगढ़ : बीएल शर्मा
- सीआईआई में राइजिंग चंडीगढ़ पर वार्षिक सम्मेलन में शामिल हुए शिक्षा सचिव
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सिटी ब्यूटीफुल में भारत के एजुकेशन सिटी के रूप में उभरने की पूरी संभावना है। शहर के स्कूल व कॉलेजों में होने वाली पढ़ाई बाकी राज्यों से काफी बेहतर है। ये कहना है यूटी के शिक्षा सचिव बीएल शर्मा का। वह मंगलवार को सीआईआई में राइजिंग चंडीगढ़ पर आयोजित वार्षिक सम्मेलन में पहुंचे।
इस मौके पर बीएल शर्मा ने कहा कि चंडीगढ़ का भारत के नक्शे पर एक उज्ज्वल स्थान है और इस शहर ने शिक्षा के क्षेत्र में असाधारण रूप से अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि लड़कियों के अनरोलमेंट के मामले में शहर के कॉलेज देश में नंबर-1 है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि चंडीगढ़ प्रति व्यक्ति आय के मामले में चौथे स्थान पर है। शहर को और आगे ले जाने की जिम्मेदारी सभी की है। इस लिए सभी नागरिकों को कानूनों और मानदंडों का पालन करना चाहिए और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना चाहिए। कार्यक्रम में चंडीगढ़ के डीजीपी संजय बेनीवाल भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि वह अपेक्षा करते हैं कि इंडस्ट्री समाज के वंचित वर्गों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए आगे आए। इस मौके पर चंडीगढ़ प्रशासन के आईटी के डॉयरेक्टर अर्जुन शर्मा, सीआईआई चंडीगढ़ के चेेयरमैन सोफी जहूर, सीआईआई नॉर्थ के चेेयरमैन सचित जैन, सीआईआई चंडीगढ़ के वाइस चेेयरमैन सर्वजीत सिंह विर्क व अन्य भी मौजूद रहे।