छात्र देश का भविष्य ही नहीं वर्तमान भी हैं : सुनील आंबेकर
- एबीवीपी के युवा सम्मेलन में पीयू पहुंचे राष्ट्रीय संगठन सचिव
कहा- युवा शत-प्रतिशत करें मतदान, नोटा का प्रयोग न करें
फोटो---
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय संगठन सचिव सुनील आंबेकर ने कहा है कि युवाओं को देश के अधिकारों और गलतियों के बारे में पता होना चाहिए। समाज राष्ट्र को आकार देता है और युवा इसमें महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं। उन्होंने नारा दिया कि छात्र देश का भविष्य ही नहीं वर्तमान भी हैं।
पीयू के लॉ ऑडिटोरियम में हुए एबीवीपी के युवा सम्मेलन में उन्होंने कहा कि एबीवीपी एक अकेला ऐसा संगठन है जिसने वोटिंग की उम्र सीमा को 21 से घटाकर 18 करने का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सरकार बनाने में युवाओं की अहम भूमिका होती है। कुछ जगह युवा भ्रमित हुए, लेकिन अब सबकुछ समझ रहे हैं। इन्हीं युवाओं ने कांग्रेस को कुर्सी से हटाकर भाजपा को लोकसभा में काबिज किया। फिर वह समय आ रहा है, युवा सब समझते हैं। उन्होंने कहा कि हायर एजुकेशन के लिए इस बार बजट में 35 हजार करोड़ से अधिक रुपये दिए गए हैं जो अब तक की सर्वाधिक राशि है। इस राशि के जरिये योजनाओं का संचालन होगा, कॉलेज खुलेंगे और गरीब विद्यार्थी कॉलेज व विश्वविद्यालयों में दाखिले लेकर पढ़ सकेंगे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि आगामी चुनाव में शत प्रतिशत मतदान करें। नोटा का प्रयोग न करें। छात्र अपना वोटर कार्ड बनवाएं। राष्ट्र की भलाई के लिए मतदान करना जरूरी है। सचिव सुनील आंबेकर ने कहा कि वह विदेशों में कई विश्वविद्यालयों तक पहुंचे। वहां भारतीय छात्रों ने कहा कि उन्हें भी भारत में कुछ करने का मौका दिया जाए। देश दुनिया में युवा अपने ज्ञान का लोहा मनवा रहे हैं।
ट्राइसिटी के युवा काफी जागरूक
एबीवीपी महानगर अध्यक्ष डॉ. करन विनायक ने कहा कि चंडीगढ़, पंचकूला व मोहाली के युवा काफी जागरुक हैं। युवाओं के मतदाता पहचान पत्र बने हैं। कुछ बनवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारें बहुत आई और गईं, लेकिन वर्तमान केंद्र सरकार ने बजट में ही युवाओं के लिए प्रावधान नहीं किया बल्कि नौकरी के लिए भी रास्ते खोले। आगामी वर्षों में भी युवाओं को बड़ा लाभ मिलेगा। इनके अलावा महानगर मंत्री अगम चौधरी, अनीत गोयल, जतिन आदि ने भी विचार रखे।