समझौता ब्लास्ट : विज का पूर्व सरकार पर बड़ा आरोप
- पूर्व कांग्रेस सरकार ने बगैर जांच के दो पाक नागरिकों को भेजा था पाकिस्तान
- आरएसएस को बदनाम करने के लिए रची थी साजिश
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने समझौता ब्लास्ट मामले में पूर्व कांग्रेस सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। विज ने वर्ष 2007 में पानीपत में हुए समझौता ब्लास्ट को लेकर पूर्व यूपीए सरकार पर सवाल उठाए हैं। यहां पत्रकारों से बातचीत में विज ने कहा कि पूर्व सरकार के इशारे पर दो पाकिस्तानी नागरिकों को बगैर लाई डिटेक्ट टेस्ट के पाकिस्तान भेज दिया था। विज हालांकि यह नहीं बता पाए कि वे किस आधार पर आरोप लगा रहे हैं। चूंकि, इससे बड़ा विवाद खड़ा हो सकता है। वीरवार को हिंदू आतंकवाद के मुद्दे पर बोलते हुए विज ने दावा किया की पूर्व कांग्रेस सरकार ने राष्ट्रीय स्तर पर आरएसएस के खिलाफ षडयंत्र रचा था। हिंदुस्तान में हो रहे आतंकी हमलों से हिंदु आतंकवाद को जोड़ने की साजिश की गई। उन्होंने कहा कि दोनों आरोपी पाकिस्तानी नागरिकों को छोड़ने का फैसला पूर्व प्रदेश और केंद्र सरकार का था। वे जल्द इस मामले में सीएम मनोहर लाल से मिलकर बातचीत करेंगे। इसकी उच्च स्तर की जांच होनी चाहिए।