मंत्री के व्यस्त होने पर टली समीक्षा बैठक
- अब 20 जुलाई को होगी जाट आंदोलन मृतकों के आश्रितों को नौकरी की समीक्षा
- कितने आश्रितों ने किया ज्वाइन, विभाग प्रस्तुत करेंगे रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
हरियाणा में बीते वर्ष जाट आंदोलन मृतकों के आश्रितों को नौकरी दे चुकी सरकार बुधवार को ज्वाइनिंग की समीक्षा नहीं कर पाई। चार सदस्यीय समिति की अध्यक्षता कर रहे राज्य मंत्री कृष्ण बेदी के व्यस्त होने के कारण बैठक टाल दी गई। अब 20 जुलाई को अगली बैठक तय की गई है, इसमें सभी संबंधित विभागों की रिपोर्ट समिति के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी कि कितने आश्रितों नौकरी ज्वाइन कर ली है और कितने अभी ज्वाइन नहीं कर पाए हैं। सरकार ने बीते महीने तीस मई तक सभी 30 आश्रितों को घर के नजदीक सरकारी नौकरी प्रदान करने का वादा पूरा कर दिया था। एक जून को हुई समिति की बैठक में इसकी जानकारी दी गई थी। अब सरकार ये सुनिश्चित कर जाट नेताओं को रिपोर्ट भेजेगी कि सभी आश्रित ड्यूटी ज्वाइन कर चुके हैं ताकि जाट नेता समझौते की एक और मांग को पूर्ण मान लें। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण बेदी ने बताया कि 24 जून को शाहाबाद में मुख्यमंत्री मनोहर लाल का कार्यक्रम है। वे उसकी तैयारियों में जुटे हुए हैं। इसलिए बुधवार को बैठक में विचार-विमर्श नहीं हो पाया। अगली बैठक में ज्वाइनिंग के साथ ही मुआवजा वितरण पर भी चर्चा होगी।