अंडर-19 फुटबॉल प्रतियोगिता में हरियाणा ने दिल्ली को हराया
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
अंडर-19 फुटबाल प्रतिभा खोज प्रतियोगिता के दूसरे दिन शुक्रवार को सेक्टर-17 स्थित फुटबॉल स्टेडियम और सेक्टर-42 स्थित स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में कई रोचक लीग मुकाबले हुए। लड़कियाें के वर्ग में हरियाणा ने एकतरफा मुकाबले में दिल्ली को 8-0 के बड़े अंतर से हराकर अगले राउंड में प्रवेश किया। विजेता टीम की ओर से निशा ने 3 गोल किए। समीक्षा और रीना ने दो-दो गोल दागे। अनीता रानी ने 60 वें मिनट में एक गोल दागा। वहीं, लड़कों के पहले मैच में दिल्ली ने राजस्थान को 7-0 से शिकस्त दी। विजेता टीम की ओर से अमन थापा ने शानदार 4 गोल दागे। यह गोल 26वें, 37 वें, 55 वें, 57 वें मिनट में किए गए। अमन कुमार ने 46 वें और 67 वें मिनट में दो गोल किए और सेरीयो ने 40 वें मिनट में एक गोल किया।
प्रतियोगिता से पहले सभी टीमों ने मार्च पास्ट किया। इसका आयोजन भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल की ओर से किया जा रहा है। टूर्नामेंट में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड और चंडीगढ़ के लड़कों व लड़कियों की छह टीमें भाग ले रही हैं।