अज्ञात चोरों ने मुख्य बाजार पिंजौर में खेड़ा मंदिर के समीप स्थिति गिफ्ट एंड कास्मेटिक की दुकान के शटर का ताला तोड़ कर करीब 16 हजार रुपये के नोटों से बने हुए हार चोरी करने के साथ-साथ गल्ले में रखी 2 हजार रुपये की नगदी चुरा कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता परमानंद निवासी दशमेश कालोनी ने बताया कि उसकी मुख्य बाजार में खेड़ा मंदिर के समीप बीबीएम गिफ्ट एंड कास्मेटिक की दुकान है। रात करीब 11 बजे वह अपनी दुकान के शटर को ताला लगाने के बाद घर चला गया। अगली सुबह उसके पड़ोसी दुकानदार का उसके पास फोन आया और उसने बताया कि उसकी दुकान का शटर खुला हुआ है। शिकायतकर्ता ने बताया कि सूचना मिलते ही वह अपनी दुकान पर गया तो देखा कि उसकी दुकान में लगे हुए दोनों ताले टूटे हुए हैं और शटर खुला हुआ है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके बाद वह जब दुकान के भीतर गया तो देखा कि दुकान का सामान ज्यों का त्यों रखा हुआ है। लेकिन दुकान में शादी में दूल्हे को पहनाए जाने वाले नोटों के हार गायब हैं। इन हार में 100, 20, 10 रुपये के नोटों से बनाया गया था जिनकी कीमत करीब 16 हजार रुपये है। शिकायतकर्ता ने बताया कि इसके अलावा चोरों ने दुकान के गल्ले में रखे करीब 2 हजार रुपये की नगदी पर भी हाथ साफ कर दिया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को गुहार लगाते हुए कहा कि अज्ञात चोरों ने दुकान में रखे हार और नगदी को मिला कर कुल 18 हजार रुपये का नुकसान किया है। अज्ञात चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उसका चोरी हुआ सामान वापिस दिलवाया जाए।
चोर गिरोह के निशाने पर हैं नोटों के हार
चोर शहर की दुकानों में सेंधमारी कर दुकान में रखे नोटों से बने हार को अपना निशाना बना रहे हैं। इस चोरी से पहले भी 7 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने मुख्य बाजार में स्थित एक मनियारी की दुकान का ताला तोड़ कर उसमें रखे करीब 26 हजार कीमत के नोटों से बने हार चोरी कर लिए थे जबकि दुकान में रखा अन्य सामान ज्यों का त्यों रखा हुआ था।